ट्रांसफार्मर से तेल चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, तीन गिरफ्तार
बक्सर। डुमरांव पुलिस ने कृषि फीडर के ट्रांसफार्मरों से तेल चोरी कर उसे ब्लैक मार्केट में बेचने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। इस संबंध में डुमरांव के एसडीपीओ पोलस्त कुमार ने प्रेस वार्ता में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा के नेतृत्व में पुलिस गश्त के दौरान सुरौंधा गांव के पास एक युवक को ट्रांसफार्मर पर चढ़कर तेल निकालते हुए पकड़ा गया। गिरफ्तार युवक की पहचान अरियांव गांव निवासी संतोष कुमार उर्फ टुनटुन यादव के रूप में हुई। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने लालगंज कड़वी इलाके से पंकज यादव को गिरफ्तार किया। वहीं चोरी का तेल बाजार में खपाने वाले चुन्नू साह को भी पुलिस ने दबोच लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक अपाचे मोटरसाइकिल, एक ई-रिक्शा और करीब ढाई लीटर ट्रांसफार्मर तेल बरामद किया है। एसडीपीओ ने बताया कि गिरोह ट्रांसफार्मरों से तेल निकालकर उसे डीजल में मिलाकर या ब्लैक मार्केट में बेचता था। इस मामले में अन्य आरोपियों की भी पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।










