लोकनायक की जयंती पर पूर्व केंद्रीय मंत्री ने संकल्प के साथ रखा उपवास
बक्सर। लोकनायक जयप्रकाश नारायण जी की 123वीं जयंती पर उनके पटना स्थित आवास महिला चरखा समिति सभागार में “संपूर्ण क्रांति, सशक्त लोकतंत्र और युवा शक्ति” विषयक संगोष्ठी एवं आत्मशुद्धि उपवास का आयोजन हुआ। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं जेपी सेनानी अश्विनी कुमार चौबे ने लोकतंत्र की मजबूती, राजनीति में वाक्शुचिता और आत्मशुद्धि के संकल्प के साथ एक दिवसीय उपवास रखा। उन्होंने कहा कि “जेपी की जयंती वंशवाद, भ्रष्टाचार और तुष्टीकरण की राजनीति के विरुद्ध नई चेतना का प्रतीक है।” कार्यक्रम में देशभर से सैकड़ों जेपी सेनानी, सामाजिक कार्यकर्ता और युवा प्रतिनिधि शामिल हुए। इस अवसर पर अखिल भारतीय संपूर्ण क्रांति संगठन व लोकतंत्र सेनानी संघ के तत्वावधान में जेपी आंदोलन के सेनानियों एवं परिजनों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में पूर्व सांसद कैलाश सोनी, पद्मश्री सुरेन्द्र किशोर, डॉ. किरण घई सहित कई गणमान्य उपस्थित रहे।










