जिले में अग्नि सुरक्षा जागरूकता अभियान शुरू, डीएम ने रथ को दिखाई हरी झंडी
बक्सर। गुरुवार को जिले में अग्नि सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने विशेष जन जागरूकता अभियान शुरू किया है। इस अभियान के तहत नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को आग से बचाव और आपदा की स्थिति में त्वरित कार्रवाई के प्रति जागरूक किया जाएगा। गुरुवार को जिला पदाधिकारी साहिला ने गृहरक्षक सह जिला अग्निशमन कार्यालय परिसर से नुक्कड़ नाटक टीम एवं जन जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह अभियान मोनालिसा प्रशिक्षण एवं कल्याण संस्थान, बक्सर द्वारा जिले के विभिन्न गांवों में संचालित किया जाएगा। जिलाधिकारी ने कहा कि नाटक के जरिए आग लगने की स्थिति में बचाव के उपाय, सावधानियां तथा अग्निशमन यंत्रों के सही उपयोग की जानकारी दी जाएगी। विशेष रूप से पर्व-त्योहारों और खेतों में पराली से लगने वाली आग को ध्यान में रखते हुए लोगों को सतर्क रहने का संदेश दिया जाएगा। उन्होंने भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कहा कि जागरूकता ही बड़ी दुर्घटनाओं से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है।










