फाइलेरिया उन्मूलन अभियान का शुभारंभ, 24 फरवरी तक चलेगा एमडीए कार्यक्रम
बक्सर। जिले में फाइलेरिया उन्मूलन को लेकर चलाए जा रहे सामूहिक दवा सेवन (एमडीए) अभियान का बुधवार को जिला पदाधिकारी साहिला ने इटाढ़ी प्रखंड के सिक्तोना पंचायत अंतर्गत अतरौना स्थित आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 17 पर शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने स्वयं बच्चों को फाइलेरिया रोधी दवा की खुराक खिलाई और अभियान की महत्ता पर प्रकाश डाला। डीएम ने कहा कि फाइलेरिया, जिसे आम भाषा में हाथीपांव कहा जाता है, मच्छर के काटने से फैलने वाली गंभीर बीमारी है, लेकिन समय पर दवा सेवन से इससे पूरी तरह बचाव संभव है। यह बीमारी 5 से 15 वर्षों में प्रकट होती है और विश्व में दिव्यांगता का एक प्रमुख कारण मानी जाती है। उन्होंने बताया कि जिले के सभी प्रखंडों में 10 फरवरी से 24 फरवरी 2026 तक यह अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने आमजन से अपील की कि किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रांति में न पड़ें और स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा दी जा रही दवा अवश्य खाएं। दो वर्ष से कम आयु के बच्चों, गर्भवती महिलाओं एवं गंभीर रूप से बीमार व्यक्तियों को छोड़कर सभी पात्र लोगों को यह दवा लेनी है। दवा हमेशा भरपेट भोजन के बाद ही सेवन करनी है। आशा एवं एएनएम कर्मी घर-घर जाकर दवा खिला रही है।










