आनंद मिश्र से मिले पूर्व सैनिक, जमीन उपलब्ध कराने का मिला आश्वासन
बक्सर। बक्सर सदर विधायक व पूर्व आईपीएस आनंद मिश्र से 14 फरवरी 2026 को बिहार राज्य इंडियन एक्स सर्विसमैन मूवमेंट (आईईएसएम) के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने मुलाकात की। बैठक की अध्यक्षता जिला उपाध्यक्ष सूबेदार विद्या सागर चैबे ने की। प्रतिनिधिमंडल ने जिले के लगभग दस हजार पूर्व सैनिकों एवं वीरांगनाओं के लिए सीएसडी कैंटीन, सैनिक बोर्ड, ईसीएचएस पॉलिक्लिनिक तथा सैनिक विश्राम गृह हेतु 50 डिसमिल जमीन उपलब्ध कराने की मांग रखी, जो पिछले 20 वर्षों से लंबित है। विधायक आनंद मिश्र ने सकारात्मक आश्वासन देते हुए शीघ्र जमीन उपलब्ध कराने की बात कही। जिला उप कोषाध्यक्ष पेट्टी ऑफिसर सुरेंद्र सिंह ने बताया कि बस स्टैंड के पास ओवरहेड पुल के दाहिने भाग की जमीन तथा आईटीआई फील्ड के पूर्व दिशा में पानी टंकी के समीप स्थित भूमि को चिन्हित किया गया है, परंतु एनओसी नहीं मिलने से मामला अटका है। सैनिकों ने मांग की कि जमीन शहर क्षेत्र के अंदर हो, ताकि आवागमन में सुविधा रहे। वही मौके पर कैप्टन आर.सी. पाल, सूबेदार मेजर राजेंद्र चौबे, सूबेदार सुदामा प्रसाद, नंद जी ओझा, जैनेन्द्र सिंह, हरिहर सिंह, रामनाथ सिंह, धनंजय दुबे, बिनोद कुमार मिश्रा व वारंट ऑफिसर विनोद मिश्रा उपस्थित रहे।










