महाशिवरात्रि को लेकर बाबा ब्रह्मेश्वर नाथ मंदिर में डीएम का संयुक्त निरीक्षण
बक्सर। महाशिवरात्रि पर्व के शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर जिला पदाधिकारी साहिला ने बाबा ब्रह्मेश्वर नाथ मंदिर परिसर में विधि-व्यवस्था तैयारियों की संयुक्त ब्रीफिंग व निरीक्षण किया। अनुमंडल पदाधिकारी डुमरांव को दंडाधिकारी व पुलिस पदाधिकारियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। अंचल अधिकारी ब्रह्मपुर को तालाब में नाव-नाविक की व्यवस्था करने को कहा गया। नगर पंचायत ब्रह्मपुर के कार्यपालक पदाधिकारी को साफ-सफाई, रोशनी, सीसीटीवी, चेंजिंग रूम व बैरिकेडिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश मिला। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को एक अंदर व एक बाहर मेडिकल टीम तथा एंबुलेंस तैनात रखने को कहा गया। विद्युत प्रमंडल बक्सर के कार्यपालक अभियंता को बिजली तार दुरुस्त करने का निर्देश दिया गया। अनुमंडल पदाधिकारी व एसडीपीओ डुमरांव को संयुक्त कार्ययोजना बनाकर सुरक्षित दर्शन व निकासी सुनिश्चित करने तथा पूर्व संध्या से निगरानी करने को कहा गया। निरीक्षण में पुलिस अधीक्षक बक्सर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।










