किला मैदान, बस स्टैंड व लाइट एंड साउंड परिसर का डीएम साहिला ने किया निरीक्षण
अवैध अतिक्रमण व पार्किंग पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
बक्सर। जिला पदाधिकारी साहिला ने शुक्रवार को किला मैदान बक्सर, पुराना बस स्टैंड एवं लाइट एंड साउंड परिसर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अतिथि गृह जाने वाले पथ को नो व्हीकल जोन घोषित करने हेतु बोर्ड लगाने एवं सख्ती से अनुपालन कराने का निर्देश कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद बक्सर को दिया गया। जिला पदाधिकारी ने मॉडल थाना से तड़का नाला तक सड़क किनारे अवैध रूप से दुकान लगाने एवं पार्किंग करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई करने का निर्देश दिया। साथ ही रामरेखा घाट आने वाले श्रद्धालुओं के लिए 15 दिनों के भीतर पार्किंग स्थल विकसित करने का आदेश दिया गया। लाइट एंड साउंड परिसर के पहुंच पथों की मरम्मत, साफ-सफाई, पथ किनारे सघन वृक्षारोपण तथा कार्य को शीघ्र पूर्ण कर संचालन एवं रख-रखाव की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। किला मैदान में मंच के जीर्णाेद्धार, पेवर ब्लॉक कार्य, दीवारों की पेंटिंग एवं जल निकासी की व्यवस्था कराने को कहा गया। निरीक्षण के क्रम में जवाहर मध्य विद्यालय की स्थिति असंतोषजनक पाए जाने पर प्रभारी प्रधानाध्यापक से कारण पृच्छा करते हुए जिला शिक्षा पदाधिकारी को कार्रवाई का निर्देश दिया गया। निरीक्षण में संबंधित वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।










