डीएम-एसपी ने किया ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का त्रैमासिक निरीक्षण
बक्सर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर गुरुवार को प्रखंड परिसर बक्सर स्थित ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का त्रैमासिक आंतरिक निरीक्षण किया गया। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी साहिला एवं पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने संयुक्त रूप से वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार वेयरहाउस में लगे सीसीटीवी कैमरों तथा अग्निशमन यंत्रों की कार्यक्षमता की जांच की गई। अधिकारियों ने वेयरहाउस की सुरक्षा, साफ-सफाई तथा बिजली व्यवस्था का भी निरीक्षण किया और मौके पर मौजूद उप निर्वाचन पदाधिकारी को आवश्यक निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन से जुड़ी सामग्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए वेयरहाउस की व्यवस्था पूरी तरह दुरुस्त रहनी चाहिए। इस अवसर पर जिला अग्निशमन पदाधिकारी, भवन प्रमंडल बक्सर के कार्यपालक अभियंता तथा उप निर्वाचन पदाधिकारी मौजूद रहे। साथ ही मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, जिनमें भाजपा, इंडियन नेशनल कांग्रेस, राष्ट्रीय जनता दल, कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (मार्क्सवादी), राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास), सीपीआई (एमएल) लिबरेशन और आम आदमी पार्टी के प्रतिनिधि भी उपस्थित थे।










