माइक्रो ऑब्ज़र्वर प्रशिक्षण कार्यक्रम का जिला निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा निरीक्षण
बक्सर। आगामी बिहार विधानसभा निर्वाचन 2025 की तैयारियों के तहत रविवार को एम.पी. हाई स्कूल, बक्सर में आयोजित माइक्रो ऑब्ज़र्वर प्रशिक्षण कार्यक्रम का निरीक्षण जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी, बक्सर द्वारा किया गया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने प्रशिक्षण प्रक्रिया की जानकारी ली और उपस्थित प्रशिक्षणार्थियों से उनके दायित्वों तथा निर्वाचन तैयारी की समीक्षा की। उन्होंने माइक्रो ऑब्ज़र्वरों को निर्वाचन के दौरान निष्पक्षता, पारदर्शिता और ईमानदारी से कार्य करने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि माइक्रो ऑब्ज़र्वर मतदान केंद्रों पर प्रक्रिया की शुचिता सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशील परिस्थितियों, रिपोर्टिंग व्यवस्था और किसी भी गड़बड़ी की तुरंत सूचना निरीक्षक एवं नियंत्रण कक्ष को देने के निर्देश दिए। प्रशिक्षण कार्यक्रम का संचालन नोडल अधिकारी (प्रशिक्षण प्रकोष्ठ) एवं मास्टर ट्रेनर्स द्वारा किया गया, जिसमें ईवीएम एवं वीवीपैट संचालन, मतदान केंद्र निगरानी, आचार संहिता पालन और निर्वाचन दिवस की संपूर्ण प्रक्रिया पर व्यवहारिक जानकारी प्रदान की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक प्रशिक्षु को निर्वाचन कार्य को राष्ट्रीय जिम्मेदारी के रूप में लेना चाहिए ताकि बक्सर में मतदान शांतिपूर्ण, स्वतंत्र और निष्पक्ष रूप से संपन्न हो सके। इस अवसर पर नोडल अधिकारी, मास्टर ट्रेनर्स, निर्वाचन शाखा के पदाधिकारी एवं प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे।










