फाइलेरिया उन्मूलन अभियान को लेकर डीएम की अध्यक्षता में जिला समन्वय बैठक
बक्सर। समाहरणालय के जिला जनसंपर्क कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार जिला पदाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में सोमवार को फाइलेरिया सर्वजन दवा सेवन कार्यक्रम के सफल संचालन को लेकर जिला समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक समाहरणालय सभाकक्ष में हुई, जिसमें संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में बताया गया कि बिहार राज्य में फाइलेरिया उन्मूलन के उद्देश्य से फरवरी 2026 में एमडीए अभियान चरणबद्ध रूप से चलाया जाएगा। यह अभियान 10 फरवरी से 26 फरवरी 2026 तक संचालित होगा। बक्सर जिले में 11 फरवरी को मेगा अभियान के तहत मेगा कैंप दिवस के रूप में मनाने का निर्देश दिया गया है। मेगा कैंप मॉडल के अंतर्गत प्रत्येक गांव के आंगनबाड़ी केंद्रों पर एक ही दिन में अधिक से अधिक लाभार्थियों को दवा सेवन कराया जाएगा। विशेष रूप से जीविका दीदियों एवं उनके परिवार के सदस्यों को शामिल करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। दवा सेवन प्रत्यक्ष निगरानी में कराया जाएगा तथा किसी भी प्रतिकूल प्रभाव से निपटने के लिए एडीआर प्रबंधन की व्यवस्था रहेगी। बैठक में स्वास्थ्य विभाग, आईसीडीएस, जीविका, पंचायती राज, प्रखंड प्रशासन एवं शिक्षा विभाग की भूमिकाएं निर्धारित की गईं। जिला पदाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि कैंप समय पर शुरू हों, दवा सेवन की निगरानी सुनिश्चित हो तथा फोटो-वीडियो दस्तावेजीकरण के साथ दैनिक रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए। किसी भी प्रकार की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।










