जनगणना 2027 को लेकर डीएम की अध्यक्षता में जिला समन्वय समिति की बैठक
बक्सर। समाहरणालय के जिला जनसंपर्क कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार सोमवार को जिला पदाधिकारी सह-प्रधान जनगणना पदाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में भारत की जनगणना 2027 को लेकर जिला जनगणना समन्वय समिति (डीएलसीसीसी) की बैठक आयोजित की गई। बैठक समाहरणालय परिसर स्थित सभाकक्ष में हुई, जिसमें जिले के सभी वरीय प्रशासनिक एवं विभागीय पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में अपर समाहर्ता सह जिला जनगणना पदाधिकारी, स्थापना एवं नजारत उप समाहर्ता, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला योजना पदाधिकारी, वरीय कोषागार पदाधिकारी, जिला कल्याण, पंचायती राज, सूचना एवं जनसंपर्क, सूचना एवं विज्ञान, सांख्यिकी पदाधिकारी तथा सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी शामिल हुए। जिला पदाधिकारी ने जनगणना 2027 के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह पहली बार पूर्णतः डिजिटल मोड में कराई जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनगणना कार्य भारतीय जनगणना अधिनियम 1948 एवं जनगणना नियम 1990 के अनुरूप समयबद्ध ढंग से पूरा किया जाए। बैठक में बताया गया कि जनगणना दो चरणों में होगी। प्रथम चरण के अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना 2 मई से 31 मई 2026 तक होगी। द्वितीय चरण में फरवरी 2027 में वास्तविक जनसंख्या की गणना की जाएगी, जिसकी संदर्भ तिथि 1 मार्च 2027 होगी। छूटे परिवारों के लिए 2 से 5 मार्च 2027 तक पुनरीक्षण राउंड चलेगा। जनगणना कार्य मोबाइल एप एवं सीएमएमएस पोर्टल के माध्यम से संपन्न कराया गया।










