बड़ी खबर
चैती छठ को लेकर ट्रैफिक व्यवस्था पर मंथन, ई-रिक्शा के लिए तय होगा रूट
बक्सर। समाहरणालय सभाकक्ष में मंगलवार को यातायात व्यवस्था को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी साहिला ने की। बैठक में चैती छठ पर्व को देखते हुए शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने अनुमंडल पदाधिकारी बक्सर, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बक्सर, जिला परिवहन पदाधिकारी तथा यातायात उपाधीक्षक को ट्रैफिक रूट चार्ट तैयार करने का निर्देश दिया। बैठक में शहर में तेजी से बढ़ रहे ई-रिक्शा संचालन पर भी चर्चा की गई। डीटीओ और यातायात उपाधीक्षक को निर्देश दिया गया कि ई-रिक्शा केवल अपने निर्धारित रूट पर ही चलें। इसके लिए कलर कोडिंग की व्यवस्था लागू करने पर जोर दिया गया, ताकि शहर में जाम की समस्या को कम किया जा सके। इसके अलावा गोलंबर के पास यातायात नियंत्रण के लिए पुलिस जवानों की प्रतिनियुक्ति करने का भी निर्देश दिया गया, ताकि वहां होने वाली जाम की समस्या को नियंत्रित किया जा सके। नगर परिषद क्षेत्र में बेहतर यातायात प्रबंधन के लिए कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद बक्सर को हेल्पलाइन नंबर जारी करने तथा शहर में वेडिंग जोन और पार्किंग स्थल के लिए खाली पड़ी भूमि को चिह्नित कर जल्द कार्रवाई करने को कहा गया। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और सड़कों पर नो पार्किंग जोन में खड़े वाहनों को हटाने के लिए नियमित माइकिंग कराने का निर्देश भी दिया गया। साथ ही एक सप्ताह के भीतर प्रमुख स्थानों पर साइनेज लगाने तथा गड्ढों वाली सड़कों की मरम्मत कराने और आवश्यक स्थानों पर स्पीड ब्रेकर बनाने का निर्देश संबंधित विभागों को दिया गया।
क्या कहते हैं चैम्बर ऑफ कॉमर्स सचिव :-
इस संबंध में चैम्बर ऑफ कॉमर्स के सचिव दौलत चंद्रगुप्त ने कहा कि शहर में तेजी से बढ़ रहे ई-रिक्शा संचालन को देखते हुए उनके लिए रूट निर्धारित करना और कलर कोडिंग की व्यवस्था लागू करना जरूरी था। इससे ई-रिक्शा चालकों को सुविधा मिलेगी और शहर में यातायात व्यवस्था भी बेहतर होगी। इसकी मांग हमारे द्वारा कई बैठकों में रखी गई थी जिसको अंततः जिलाधिकारी महोदया के द्वारा लागू किया गया।










