बड़ी खबर
अर्जुन यादव हत्याकांड में फरार दिनेश यादव गिरफ्तार
चौसा। चौसा पावर प्लांट के समीप हुए चर्चित गोलीकांड मामले में फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार 26 मई 2025 को कुछ अज्ञात अपराधियों ने अखौरीपुर गोला निवासी अर्जुन यादव को गोली मार दी थी, जिनकी इलाज के दौरान मौत हो गई थी। इस मामले में मुफस्सिल थाना कांड संख्या 232/25 दर्ज कर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी गौरव पाण्डेय के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया था। टीम ने पूर्व में नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि मुख्य शूटर निखिल यादव का सहयोगी दिनेश यादव फरार चल रहा था।10 मार्च 2026 को सूचना मिलने पर एसआईटी टीम ने कर्मनाशा पुल के पास से दिनेश यादव को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने मुख्य शूटर के सहयोगी के रूप में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। गिरफ्तार आरोपी दिनेश यादव गाजीपुर (उत्तर प्रदेश) के इमामुद्दीनपुर गांव का निवासी है। कार्रवाई में डीआईयू प्रभारी सुधीर कुमार, अपर थानाध्यक्ष चंदन कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।










