गैस एजेंसियों पर दंडाधिकारी व पुलिस बल की तैनाती
बक्सर। मध्य पूर्व में चल रहे युद्ध के कारण एलपीजी गैस व पेट्रोलियम पदार्थों की आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए अनुमंडल पदाधिकारी अविनाश कुमार ने बक्सर अनुमंडल की सभी गैस एजेंसियों पर दंडाधिकारी व पुलिस बल की तैनाती का आदेश दिया है। यह व्यवस्था 13 से 20 मार्च तक गैस वितरण के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने, जमाखोरी व कालाबाजारी रोकने के लिए की गई है। एसडीओ की अध्यक्षता में हुई बैठक में गैस एजेंसी संचालकों को निर्देश दिया गया कि वे प्रतिदिन गैस सिलेंडर की आमद, वितरण और शेष स्टॉक की जानकारी सूचना पट पर प्रदर्शित करें तथा घरेलू उपभोक्ताओं को डोर-स्टेप डिलीवरी सुनिश्चित करें। इस दौरान सोनामति इंडेन, माँ कात्यानी इंडेन, योगेंद्र नाथ इंडेन, कुँवर ज्योति गैस सर्विस, विश्वामित्र भारत गैस, आनंद एचपी गैस एजेंसी, आराध्या भारत गैस ग्रामीण वितरक इटाढ़ी, चैसा इंडेन ग्रामीण वितरक, बालखंडी एचपी गैस ग्रामीण वितरण इटाढ़ी, आर्शीवाद भारत गैस ग्रामीण वितरण, इन्द्रमणी इंडेन गैस एजेंसी राजपुर तथा राधा रमण ग्रामीण वितरण धनसीई सहित सभी एजेंसियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। एसडीओ ने स्पष्ट किया कि गैस की जमाखोरी या कालाबाजारी पाए जाने पर आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।










