बक्सर चैंबर्स ऑफ कॉमर्स की बैठक में मीडिया प्रभारी नियुक्ति और पुस्तकालय पुनर्जीवित करने का निर्णय
बक्सर। नगर थाना के समीप गोयल स्मृति भवन धर्मशाला में बक्सर चैंबर्स ऑफ कॉमर्स की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। अध्यक्ष सत्यदेव प्रसाद की अध्यक्षता में हुई बैठक में सचिव दौलत चंद्र गुप्ता और कोषाध्यक्ष दीपक अग्रवाल उपस्थित थे। बैठक में बक्सर पब्लिक स्कूल के निदेशक निर्मल कुमार सिंह को चैंबर्स का मीडिया प्रभारी नियुक्त किया गया। बैठक में कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई। सत्र 2025-26 की सदस्यता शुल्क जमा न करने वाले सदस्यों को 15 फरवरी तक शुल्क जमा करने का आग्रह किया गया। नए सत्र 2026-27 का आरंभ 1 अप्रैल से होगा। बैठक में स्थायी कार्यालय खोलने और पुस्तकालय रोड स्थित सरस्वती पुस्तकालय को चैंबर्स के तत्वाधान में पुनर्जीवित करने का निर्णय लिया गया। पुस्तकालय कैंपस में ही चैंबर्स का कार्यालय स्थापित किया जाएगा। निर्मल कुमार सिंह ने 500 नई किताबें दान करने और सभी सदस्यों को आई कार्ड उपलब्ध कराने की घोषणा की। 28 फरवरी को होली मिलन समारोह धूमधाम से आयोजित किया जाएगा। 3 फरवरी को सभी सदस्यों से पुस्तकालय निरीक्षण में उपस्थिति का आग्रह किया गया। बैठक में रोहतास गोयल, संजय कुमार मिश्रा, गोपाल जी केशरी, मनोज कुमार वर्मा, परशुराम जी वर्मा, मंजेश केशरी और आशीष गुप्ता प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।










