डीएवी पब्लिक स्कूल बक्सर में भव्य बाल मेला सह कला एवं विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन
बक्सर। डीएवी पब्लिक स्कूल, स्टेशन रोड बक्सर में रविवार को भव्य बाल मेला सह कला एवं विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बिहार जोन-जे के सभी डीएवी विद्यालयों के प्राचार्य उपस्थित रहे। इस अवसर पर कृषि विज्ञान केंद्र बक्सर के वरिष्ठ वैज्ञानिक रामकेवल, वामन चेतना मंच के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष संजय ओझा तथा रोटरी क्लब बक्सर के मंजेश ने बच्चों की प्रतिभा की सराहना की। अध्यक्षीय संबोधन में विद्यालय प्रधान सह क्षेत्रीय निदेशक वी. आनंद कुमार ने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों के सामाजिक, रचनात्मक और बौद्धिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। प्रदर्शनी में कक्षा 1 से 4 तक के विद्यार्थियों द्वारा बनाए गए कला एवं विज्ञान मॉडल आकर्षण का केंद्र रहे। मेले में ट्रंपोलिन, मिकी माउस, झूले, खेलों के साथ विभिन्न प्रांतों के व्यंजन स्टॉल लगाए गए। कक्षा 2 एवं 3 के विद्यार्थियों के सांस्कृतिक कार्यक्रम ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया। सुबह 10 बजे से सायं 4 बजे तक चले आयोजन में लगभग 6000 अभिभावक व आगंतुक शामिल हुए। समापन पर विद्यालय प्रबंधन ने आभार व्यक्त किया।










