बक्सर-आरा फोरलेन पर अंधेरा कृष्णाब्रह्म ओवरब्रिज की लाइटें एक माह से
कृष्णाब्रह्म। कृष्णाब्रह्म बक्सर-आरा एनएच 922 पर सफर करना इन दिनों खतरों से खाली नहीं है। कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले नवनिर्मित ओवरब्रिज पर लगी स्ट्रीट लाइटें पिछले एक महीने से बंद पड़ी हैं। लाखों की लागत से लगाए गए ये पोल अब सिर्फ ‘शोभा की वस्तु’ बनकर रह गए हैं। स्थानीय ग्रामीण और वाहन चालकों ने बताया कि शाम ढलते ही पूरा पुल घोर अंधेरे में डूब जाता है। रोशनी न होने के कारण रात के समय तेज रफ्तार वाहनों के बीच दुर्घटना का खतरा बना रहता है। खासकर कोहरे और खराब मौसम के दौरान बाइक सवारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। स्थानीय लोगों ने कहा कि इस समस्या की शिकायत कई बार की गई, लेकिन एनएचएआई (एनएचएआई) और संबंधित विभाग द्वारा अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। अंधेरे का फायदा उठाकर असामाजिक तत्वों के सक्रिय होने का डर भी बना रहता है। स्थानीय ग्रामीण जैसे शांतनु कुमार, रितेश कुमार, ऋषि मौर्यवंशी, राजा कुमार गोंड, सतीश मौर्य ने जिला प्रशासन से आग्रह किया है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए खराब पड़ी लाइटों को तुरंत ठीक कराया जाए, ताकि किसी बड़ी अनहोनी को रोका जा सके।










