नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 129वीं जयंती पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अर्पित की श्रद्धांजलि
बक्सर। बक्सर जिला कांग्रेस कमिटी के कार्यालय परिसर में आज़ाद हिंद फौज के संस्थापक, महान स्वतंत्रता सेनानी और अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के पूर्व अध्यक्ष नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 129वीं जयंती श्रद्धा, सम्मान और देशभक्ति के साथ पराक्रम दिवस के रूप में मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. मनोज पांडे ने की। अपने संबोधन में डॉ. पांडे ने कहा कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन के ऐसे महानायक थे, जिन्होंने देश को आज़ादी की दिशा में नई सोच और नया संकल्प दिया। उन्होंने अंग्रेजी हुकूमत के विरुद्ध संघर्ष के लिए आज़ाद हिंद फौज का गठन कर भारत को विश्व पटल पर एक सशक्त और स्वाभिमानी राष्ट्र के रूप में पहचान दिलाई। “तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हें आज़ादी दूँगा” जैसे ओजस्वी नारे ने देशवासियों में साहस और बलिदान की भावना का संचार किया। उन्होंने कहा कि नेताजी का संघर्ष, त्याग और राष्ट्रभक्ति आज भी देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत है। कार्यक्रम में वरिष्ठ कांग्रेस नेता विद्यापति तिवारी, संजय दुबे, त्रिजोगी मिश्रा, बबन तुरहा, राकेश यादव, धन जी सेठ, सद्दाम सहित अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने नेताजी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रहित और सामाजिक एकता के संकल्प के साथ हुआ।










