सिमरी वार्ड 16 में सफाई ठप, ग्रामीणों ने जताया गुस्सा
सिमरी। सरकार द्वारा गांवों को स्वच्छ बनाने के लिए लाखों रुपये खर्च किए जा रहे हैं, लेकिन धरातल पर स्थिति इसके उलट है। ताज़ा मामला सिमरी प्रखंड के कठार पंचायत स्थित वार्ड नंबर 16 का है, जहाँ सफाई कर्मी की बहाली होने के बावजूद साफ-सफाई व्यवस्था पूरी तरह ठप पड़ी हुई है। ग्रामीणों का आरोप है कि वार्ड में सफाई कर्मी की नियुक्ति तो हो चुकी है, लेकिन वह कभी काम पर नहीं दिखता। गलियों में जलजमाव और कूड़े के ढेर के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है, जिससे स्थानीय निवासियों में संक्रामक बीमारियों का डर बना हुआ है। वार्ड के लोगों का कहना है कि उन्होंने कई बार इस मुद्दे पर ध्यान आकर्षित करने की कोशिश की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने कहा, वार्ड में सफाई के नाम पर केवल खानापूर्ति हो रही है। बहाली के बाद भी हमें खुद अपने दरवाजे साफ करने पड़ते हैं और सार्वजनिक रास्तों पर कचरा पसरा रहता है। उन्होंने अब मांग की है कि संबंधित अधिकारी मामले की जांच करें और नियमित सफाई सुनिश्चित करवाएं, ताकि सरकार की स्वच्छ गांव-समृद्ध गांव योजना सफल हो सके।










