बक्सर सदर अस्पताल में रक्तदान शिविर, विधायक आनंद मिश्र ने किया रक्तदान
बक्सर। रविवार को बक्सर सदर अस्पताल परिसर में आनंद ट्रस्ट, प्रेरणा फाउंडेशन एवं परम फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस मानव सेवा कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं रक्तदाता के रूप में बक्सर विधायक आनन्द मिश्र की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर विधायक आनन्द मिश्र ने स्वयं रक्तदान कर समाज को प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि “रक्तदान मानव सेवा का सबसे बड़ा कार्य है। रक्त का एक यूनिट किसी जरूरतमंद की जान बचा सकता है। प्रत्येक सक्षम व्यक्ति को आगे बढ़कर रक्तदान करना चाहिए।” रक्तदान शिविर में रक्तदान करने वाले सहयोगियों में रवि मिश्रा, चंदन कुमार खरवार, सोनू दुबे, डब्लू टेलर, मंटू कुमार (बारी टोला), रजनीकांत, गणेश कुमार, मणिकांत सहित अन्य सहयोगी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में रेड क्रॉस सोसाइटी के सचिव डाॅ. श्रवण तिवारी, चिकित्सा पदाधिकारी रामकुमार गुप्ता, परम फाउंडेशन के सीईओ रवि मिश्रा तथा प्रेरणा फाउंडेशन के संस्थापक भुवन पांडेय की विशेष उपस्थिति रही। उपस्थित अतिथियों ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए इस पुनीत कार्य की सराहना की। आयोजक संस्थाओं ने बताया कि इस प्रकार के कार्यक्रम समाज में सेवा, सहयोग एवं संवेदनशीलता की भावना को सुदृढ़ करते हैं तथा भविष्य में भी इसी तरह के जनहितकारी आयोजन निरंतर किए जाते रहेंगे।










