विधायक की अभद्र भाषा के विरोध में भाजयुमो ने की प्रेस वार्ता
डुमराँव। भारतीय जनता युवा मोर्चा द्वारा बुधवार को अतिथि भवन में एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। यह प्रेस वार्ता विधायक अजीत कुशवाहा द्वारा हाल ही में दिए गए असंसदीय एवं अभद्र भाषा के विरोध में आयोजित की गई। गौरतलब है कि एक दिन पूर्व युवाओं ने उनके विरोध में पुतला बनाकर गधे पर बैठाकर नगर में घुमाया और गोला रोड चैक पर दहन किया था। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुखिया सिंह कुशवाहा ने की, जबकि संचालन भाजपा जिला प्रवक्ता शक्ति राय ने किया। इस मौके पर युवा नेता दीपक यादव ने कहा कि विधायक ने अपनी प्रेस वार्ता में जिस प्रकार की भाषा का प्रयोग किया है, वह शर्मनाक है। उन्होंने न केवल मुझे बल्कि उन सभी युवाओं और व्यवसायियों का अपमान किया है, जिन्होंने जनता के मुद्दों पर आवाज उठाई। ऐसे भ्रष्ट व नाकारा व्यक्ति को जनता कभी माफ नहीं करेगी। दीपक यादव ने आरोप लगाया कि विधायक केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का फर्जी उद्घाटन कर श्रेय लेने का प्रयास करते रहे हैं। साथ ही विभिन्न संस्थाओं से अवैध उगाही में संलिप्त रहे हैं। उन्होंने कहा कि अनुमंडल अस्पताल की सफाई एजेंसी को ब्लैकलिस्टेड करवाया गया, लेकिन सफाई व्यवस्था आज भी दयनीय है। विधायक अपने रिश्तेदारों को जीविका के माध्यम से लाभ पहुँचा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता अब विधायक की हकीकत जान चुकी है और उन्हें विदाई देने का समय आ गया है। बौखलाहट में वे असंसदीय भाषा का प्रयोग कर रहे हैं, जो उनकी संकीर्ण मानसिकता को दर्शाता है। भाजपा युवा मोर्चा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सौरभ तिवारी ने भी विधायक को भाषा और गरिमा का ध्यान रखने की नसीहत दी। अंत में धन्यवाद ज्ञापन खेल मंच के जिला सह-संयोजक रोहित सिंह ने किया। मौके पर अभिषेक रंजन, शिवजी शर्मा, राहुल सूर्यवंशी, प्रभाकर तिवारी, राजा यादव सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।










