भाजपा सहकारिता प्रकोष्ठ ने बजट को बताया विकास की दिशा
बक्सर। भारतीय जनता पार्टी बक्सर के सहकारिता प्रकोष्ठ द्वारा भाजपा कार्यालय अहिरौली में “बजट पर चर्चा” विषय पर बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष सहकारिता प्रकोष्ठ एवं ब्रह्मपुर व्यापार मंडल अध्यक्ष भारत भूषण सिंह ने की, जबकि संचालन प्रदेश सह संयोजक राजीव रंजन सिंह ने किया। मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश भुवन उपस्थित रहे। ओमप्रकाश भुवन ने कहा कि केंद्र का 53.5 लाख करोड़ रुपये का बजट विकसित भारत के संकल्प को साकार करने वाला विकासोन्मुखी बजट है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के नेतृत्व की सराहना की। वहीं भोजपुर जिला प्रभारी राजेश सिन्हा ने कहा कि बिहार का बजट 3.47 लाख करोड़ रुपये का है, जो वर्ष 2005 की तुलना में 11 गुना अधिक है। उन्होंने बताया कि बिहार 14.9 प्रतिशत अनुमानित विकास दर के साथ तेजी से आगे बढ़ रहा है। बैठक में अनिल पांडेय, बिनोद राय, लक्ष्मण शर्मा, मनोज पांडेय, सौरभ तिवारी, सुनील सिंह, दीपक पांडेय, भास्कर सिंह, राहुल दुबे, बिनोद शुक्ला, महाबीर गुप्ता एवं उमाशंकर राय सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।










