जिला विधिक सेवा प्राधिकार, बक्सर के तत्वावधान में उमरपुर के बड़का गांव में ‘बाल विवाह मुक्त भारत’ पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
बक्सर। ग्राम पंचायत उमरपुर के बड़का गांव में पंचायत के मुखिया धनंजय मिश्रा की अध्यक्षता में ‘बाल विवाह मुक्त भारत’ विषय पर जागरूकता नुक्कड़ सभा एवं नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जिला विधिक सेवा प्राधिकार, बक्सर के तत्वावधान में आयोजित हुआ, जिसमें प्राधिकार की सचिव नेहा दयाल की गरिमामयी उपस्थिति रही। साथ ही बक्सर (औद्योगिक) थाना के प्रभारी सुरेश कुमार सिंह भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान आशा इकाई सदस्य, पैनल अधिवक्ता दीपिका केशरी एवं राजेश कुमार तथा पीएलवी शत्रुघ्न सिन्हा, रामजी यादव, प्रमोद कुमार, कवींद्र पाठक, मनन कुमार सिंह एवं रामराज सिंह द्वारा बाल विवाह के दुष्परिणामों पर आधारित प्रभावी नुक्कड़ नाटक का मंचन किया गया। सभा के माध्यम से ग्रामीणों को बाल विवाह से होने वाली शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक हानियों की जानकारी दी गई। साथ ही बताया गया कि बाल विवाह एक दंडनीय अपराध है। निःशुल्क विधिक सहायता हेतु 15100 पर सूचना देने की अपील की गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे तथा सभी ने बाल विवाह मुक्त गांव बनाने का संकल्प लिया।










