सरस्वती विद्या मंदिर बालिका खंड में छात्राओं ने एक दिन स्कूल का संचालन संभाला, नारी सशक्तिकरण का प्रेरक उदाहरण
बक्सर। नगर के सिविल लाइंस स्थित सरस्वती विद्या मंदिर बालिका खंड में नारी सशक्तिकरण का प्रेरक उदाहरण देखने को मिला, जब दशम कक्षा की छात्राओं ने एक दिन के लिए विद्यालय का संपूर्ण प्रशासनिक, शैक्षणिक एवं कार्यालयीन संचालन सफलतापूर्वक किया। इस अवसर पर सौम्या पाठक ने प्रधानाचार्या का दायित्व निभाते हुए कहा कि यह अनुभव उनके जीवन में जिम्मेदारी और नेतृत्व की सुदृढ़ नींव रखेगा। उपप्रधानाचार्य के रूप में प्रज्ञा ओझा ने विद्यालय द्वारा दिए गए इस अवसर को बालिकाओं के सम्मान और उत्थान का प्रतीक बताया। कार्यालयीन कार्यों में अनुष्का पांडेय एवं स्मिता कुमारी ने शुल्क संकलन व नामांकन संबंधी जिम्मेदारी संभाली। शिक्षण व्यवस्था का नेतृत्व श्रेया तिवारी व कृतिका राय ने किया। श्रुति ओझा, सृष्टि पाठक, डिम्पल कुमारी, क्षमा राय, नीलू, नेहा, साक्षी, समृद्धि, जया, श्रेया राज, खुशी पांडेय, खुशी मौर्या सहित अन्य छात्राओं ने विद्या भारती की ‘सशक्त पंचपदी’ शिक्षण शैली से कक्षाओं का संचालन किया। प्रधानाचार्य शैलेन्द्र कुमार सिंह ने इस पहल को नेतृत्व विकास और राष्ट्र निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण बताया, वहीं विद्यालय प्रबंध समिति ने छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।










