बकाया प्रोत्साहन राशि व कर्मचारी दर्जे की मांग पर आशा कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन
बक्सर। गुरुवार को दस ट्रेड यूनियनों के आह्वान पर गुरुवार को जिले की आशा एवं आशा फैसिलिटेटर कार्यकर्ताओं ने हड़ताल में शामिल होकर सिविल सर्जन कार्यालय के समक्ष आक्रोशपूर्ण प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व आशा एवं आशा फर्स्ट लेटर संघ के राज्य उपाध्यक्ष सह जिला संयोजक अरुण कुमार ओझा, चिकित्सा संघ के राज्य उपाध्यक्ष मनोज चौधरी, महावीर पंडित, मीरा कुमारी एवं डैजी देवी ने किया। प्रदर्शन के बाद आयोजित सभा की अध्यक्षता मीरा कुमारी व डैजी देवी ने तथा संचालन अरुण कुमार ओझा ने किया। वक्ताओं ने कहा कि पिछले छह माह से आशा एवं आशा फैसिलिटेटरों को प्रोत्साहन राशि का भुगतान नहीं हुआ है। साथ ही राज्य स्वास्थ्य समिति द्वारा निर्धारित 57 कार्यों के अतिरिक्त अन्य कार्य भी उनसे कराए जा रहे हैं। मांगों में बकाया प्रोत्साहन राशि का भुगतान, सेवानिवृत्ति आयु 65 वर्ष करने, बढ़ी हुई ₹2000 प्रोत्साहन राशि सीधे खाते में देने तथा तृतीय वर्ग कर्मचारी का दर्जा देने सहित 13 सूत्री मांगें शामिल हैं। मांगपत्र सिविल सर्जन के माध्यम से पटना भेजा गया। 23 फरवरी को पटना में राज्यस्तरीय प्रदर्शन की चेतावनी दी।










