भारत में लगभग 5.7 करोड़ लोग नशीली दवाओं का सेवन करते हैं, जिनमें से 2.26 करोड़ लोग गंभीर रूप से प्रभावित हैं – डाॅ. राजेश मिश्रा
बक्सर। रविवार को सदर मुख्यालय में पूर्व सैनिक संघ द्वारा युवा नशा मुक्त विषय पर आयोजित युवा सम्मेलन में जिले के प्रसिद्ध चिकित्सक एवं भारतीय जनता पार्टी के वरीय नेता डॉ. राजेश मिश्रा ने भाग लिया। इस मौके पर डॉ. मिश्रा ने युवा पीढ़ी के कंधों पर नशा मुक्त समाज के निर्माण की जिम्मेदारी सौंपते हुए कहा कि यह अत्यंत चिंतनीय विषय है कि हमारे देश के 15 से 25 वर्ष के युवा नशा में ज्यादा संलिप्त पाए जा रहे है जो देश के आबादी के लगभग 20 प्रतिशत है। भारत में लगभग 5.7 करोड़ लोग नशीली दवाओं का सेवन करते हैं, जिनमें से 2.26 करोड़ लोग गंभीर रूप से प्रभावित हैं और उन्हें तत्काल उपचार और सहायता की आवश्यकता है। डॉक्टर मिश्रा ने बताया कि एनडीपीएस अधिनियम के तहत दर्ज मामलों और नेशनल ड्रग डिपेंडेंट ट्रीटमेंट रिपोर्ट के मुताबिक शराब, गांजा, अफीम और अन्य प्रकार की नशीली दवाएं सबसे अधिक इस्तेमाल की जाती हैं जो युवा पीढ़ी के लिए घातक है। नशा से मुक्ति के लिए हमें जागरूक होना बेहद जरूरी है, नशा से तन और मन तथा धन तीनों का नाश हो जाता है। ऐसे विनाशकारी जीवन से मुक्ति के लिए नशा का त्याग करना ही होगा।
विदित हो कि भाजपा नेता डॉक्टर राजेश मिश्रा लगातार कई वर्षों से नशा मुक्ति के लिए अभियान चला रहे है एवं अन्य समाजसेवी संस्थाओं के साथ नशा मुक्ति के लिए समाज को जागरूक कर रहे है। इस सम्मेलन में पूर्व सैनिक संघ के अध्यक्ष रामनाथ सिंह, संध्या पाण्डेय, उमेश दुबे उर्फ चुन्नू दुबे, जयशंकर सिंह यादव, रंजीत सिंह कुशवाहा, अनमोल राय, अश्विनी सिन्हा, नागेश पाल, रोहित कुमार पासवान, प्रवीण कुमार यादव, मुनिदेव दुबे, जगलाल सिंह, दिनेश मिश्रा सहित सैकड़ों लोग मौजूद थे।










