बक्सर की अनुष्का पाण्डेय ने नेशनल ताइक्वांडो चैंपियनशिप में सिल्वर जीतकर बढ़ाया जिले का मान
बक्सर। बिहार और विशेषकर बक्सर जिले के लिए यह गर्व का क्षण है कि जिले की होनहार खिलाड़ी अनुष्का पाण्डेय ने 40वीं नेशनल ताइक्वांडो आईटीएफ चैंपियनशिप 2025 में सिल्वर मेडल जीतकर जिले और राज्य का नाम रोशन किया है। गुजरात के गांधीनगर में 26 से 30 दिसंबर 2025 तक आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में अनुष्का ने अपने प्रथम राष्ट्रीय प्रयास में ही यह उपलब्धि हासिल की। अनुष्का ब्लैक बेल्ट फस्र्ट डान खिलाड़ी हैं। अनुष्का के इस सफलता से जिलेभर में खेल प्रेमियों और परिवारजनों में खुशी का माहौल है। उनके दादा श्रीभगवान पाण्डेय, जो शिक्षाविद एवं हिंदी-भोजपुरी के वरिष्ठ साहित्यकार हैं, ने बताया कि 14 वर्षीय अनुष्का शुरू से ही पढ़ाई और खेल दोनों में गंभीर रही हैं। वह दिल्ली के सर्वाेदय कन्या विद्यालय, जनकपुरी में कक्षा दसवीं की छात्रा हैं और एचटीसी ताइक्वांडो क्लब से प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। पिछले तीन वर्षों में अनुष्का ने कई उपलब्धियां हासिल की हैं। वर्ष 2023 में दिल्ली राज्य प्रतियोगिता में गोल्ड, 2024 में सिल्वर तथा 2025 में दिल्ली राज्य और जोनल प्रतियोगिताओं में चार सिल्वर मेडल जीते। नेशनल चैंपियनशिप में सिल्वर जीतकर उन्होंने अपने प्रशिक्षक राकेश महतो और कोच नीरज पांडेय के मार्गदर्शन को सार्थक किया। उल्लेखनीय है कि अनुष्का की छोटी बहन आद्या (9 वर्ष) भी ताइक्वांडो में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं। आद्या ने दिल्ली स्टेट चैंपियनशिप 2024 में गोल्ड, 2025 में ब्रॉन्ज तथा मैसोगी-डो राज्यस्तरीय प्रतियोगिता 2025 में ब्रॉन्ज मेडल जीतकर अपनी प्रतिभा साबित की है। दोनों बहनों की इस उपलब्धि पर परिवार सहित बक्सरवासियों में गर्व और उत्साह है।










