आंगनवाड़ी सेविकाओं ने रंगोली के माध्यम से मतदाता जागरूकता अभियान चलाया
बक्सर। बिहार विधानसभा आम चुनाव 2025 के तहत स्वीप कार्यक्रम के अंतर्गत डुमरांव में आईसीडीएस की आंगनवाड़ी सेविकाओं द्वारा विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम को “पोषण माह” से जोड़ते हुए सेविकाओं ने रंगोली प्रतियोगिता के माध्यम से मतदाता जागरूकता का संदेश दिया। रंगोलियों में मतदान से जुड़े चित्र बनाकर नागरिकों को भयमुक्त, निष्पक्ष एवं स्वैच्छिक मतदान के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के अंत में सेविकाओं, महिलाओं और ग्रामीणों को मतदाता शपथ दिलाई गई कि वे स्वयं मतदान करेंगे और दूसरों को भी प्रेरित करेंगे। “पहले मतदान, फिर कोई काम” और “नारी शक्ति का है अभिमान, चलो करें सब मिलकर मतदान” जैसे स्लोगनों से वातावरण गूंज उठा। जिलाधिकारी सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी बक्सर ने कहा कि लोकतंत्र को सशक्त बनाने का सबसे प्रभावी माध्यम मतदान है, इसलिए सभी मतदाता भयमुक्त वातावरण में मतदान करें और लोकतंत्र को मजबूत बनाएं।










