आनंद मिश्र बोले—केंद्रीय व बिहार बजट विकासोन्मुखी, विकसित भारत के संकल्प को देगा
बक्सर। भारतीय जनता पार्टी बक्सर के सदर विधायक आनंद मिश्र तथा भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश भुवन ने अतिथि गृह बक्सर में 2026 के केंद्रीय एवं बिहार बजट को लेकर प्रेसवार्ता की। संचालन जिला मीडिया प्रभारी उमाशंकर राय ने किया। विधायक आनंद मिश्र ने कहा कि 53.5 लाख करोड़ रुपये का केंद्रीय बजट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत विकासोन्मुखी बजट है, जो विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाता है। उन्होंने बताया कि बिहार का 3.47 लाख करोड़ रुपये का बजट वित्त मंत्री विजेंद्र यादव ने पेश किया, जो पिछले वर्ष से करीब 10 प्रतिशत अधिक है। 2005 के 23 हजार करोड़ की तुलना में यह 11 गुना वृद्धि दर्शाता है। राज्य की 14.9 प्रतिशत विकास दर, 94 लाख गरीब परिवारों के सशक्तिकरण, कृषि रोड मैप, एक्सप्रेस-वे निर्माण और महिला सशक्तिकरण जैसे प्रावधानों को उन्होंने ऐतिहासिक बताया। प्रेसवार्ता में पुनीत सिंह, लक्ष्मण शर्मा, दीपक पाण्डेय व मिठाई सिंह उपस्थित रहे।










