सड़क किनारे गिट्टी-बालू हटाने की प्रशासनिक कार्रवाई
बक्सर। जिला प्रशासन ने मुख्य मार्गों और सार्वजनिक सड़कों के किनारे रखी गई गिट्टी और बालू को हटाने के लिए कार्रवाई की। पूर्व में जारी निर्देशों के तहत सभी व्यक्तियों और संस्थाओं से अनुरोध किया गया था कि वे सड़क किनारे रखी सामग्री तुरंत हटाएं, ताकि यातायात सुचारू रहे और आमजन की सुरक्षा बनी रहे। गुरूवार को खनन विभाग ने आईटीआई फील्ड रोड क्षेत्र में निरीक्षण कर लगभग 720 सीएफटी बालू और 540 सीएफटी गिट्टी जप्त की। इस दौरान नगर परिषद बक्सर का भी सहयोग प्राप्त हुआ। निरीक्षण में पाया गया कि कुछ निर्माण कार्यों से संबंधित सामग्री भी सड़क किनारे रखी गई थी। सभी संवेदकों और व्यवसायियों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि सामग्री केवल सुरक्षित स्थान पर ही रखी जाए। साथ ही बालू और गिट्टी के विक्रय के लिए सभी दुकानदारों को के लाइसेंस अनिवार्य रूप से प्राप्त करने के निर्देश दिए गए। बिना लाइसेंस भंडारण या विक्रय पर सामग्री जप्त की जाएगी। जिला प्रशासन का उद्देश्य सड़क सुरक्षा, सार्वजनिक हित और सुचारु यातायात सुनिश्चित करना है।










