कार्तिक पूर्णिमा पर रामरेखा घाट की व्यवस्था का एडीएम ने किया निरीक्षण, श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर विशेष जोर
बक्सर। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर बुधवार को अपर जिलाधिकारी बक्सर ने रामरेखा घाट पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने घाट परिसर, आवागमन मार्ग, बैरिकेडिंग, भीड़ प्रबंधन, लाइफ गार्ड, मेडिकल सुविधा और साफ-सफाई की स्थिति की समीक्षा की। एडीएम बक्सर ने पुलिस बल, दंडाधिकारी, नगर परिषद एवं अन्य विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वाेपरि है। देर रात और सुबह के समय सुरक्षा बल मुस्तैद रहें, संवेदनशील स्थानों पर चेतावनी बोर्ड लगाएं, मेडिकल टीम सक्रिय रहे और ट्रैफिक एवं पार्किंग व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित की जाए। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि स्नान और पूजा-अर्चना के दौरान निर्देशों का पालन करें और सहयोग प्रदान करें। जिला प्रशासन पूरे पर्व के दौरान लगातार मॉनिटरिंग कर रहा है तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा हेतु पूर्णतः प्रतिबद्ध है।










