महाकालेश्वर शिव मंदिर, तुलसी आश्रम में महाशिवरात्रि पर उमड़ा आस्था का सैलाब, निकली भव्य शिव
ब्रह्मपुर। प्रखंड के रघुनाथपुर गांव में फाल्गुन महाशिवरात्रि पर तुलसी आश्रम स्थित महाकालेश्वर शिव मंदिर में श्रद्धा का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से जलाभिषेक के लिए लंबी कतारें लगी रहीं और हर-हर महादेव के जयघोष से वातावरण गूंजता रहा। मेले जैसा दृश्य रहा, जहां दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं ने दर्शन-पूजन किया। भव्य शिव बारात शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें शिव-पार्वती की झांकी आकर्षण का केंद्र रही। बारात रघुनाथपुर स्टेशन स्थित दुर्गा मंदिर पहुंची, जहां द्वारपूजा हुई। कार्यक्रम में डुमरांव एसडीएम राकेश कुमार, बीडीओ सोनू कुमार व सीओ सहाना खातून उपस्थित रहीं। तुलसी विचार मंच के तत्वावधान में शिवगंगा सरोवर तट पर गंगा महाआरती संपन्न हुई। अर्चक राजू मिश्रा, गोपी मिश्रा व विकास मिश्र ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ आरती कराई। भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश भुवन सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। अंत में भस्म आरती व प्रसाद वितरण किया।










