धार्मिक
नदांव में पंचकोशी परिक्रमा के दूसरे दिन श्रद्धालुओं का उमड़ा सैलाब
बक्सर। पंचकोशी परिक्रमा के दूसरे दिन नदांव स्थित नारदेश्वर आश्रम में साधु-संतों और श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ा। सभी ने नारदेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन-पूजन कर परंपरागत खिचड़ी बनाकर प्रसाद रूप में ग्रहण किया। मठों की ओर से भी श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया। मेले में बच्चों के लिए झूले और विविध दुकानों ने उत्सव का माहौल बना दिया। गंगा पुत्र त्रिदण्डी स्वामी ने बताया कि यह परंपरा त्रेता युग से चली आ रही है, जब भगवान श्रीराम ने यहां साधु-संतों के आश्रमों में प्रसाद ग्रहण किया था। धार्मिक मान्यता है कि यहां नारद ऋषि का आश्रम था, जिसके नाम पर नारदेश्वर महादेव मंदिर स्थापित हुआ। तीसरा पड़ाव भभुअर में होगा, जहां श्रीराम ने महर्षि भार्गव से भेंट कर चूड़ा-दही का भोग लगाया था।










