सिद्धाश्रम बक्सर में महर्षि विश्वामित्र मंडपम में आयोजित होगा भव्य “श्रीराम आयुर्वेद महोत्सव”, सांसद अश्विनी कुमार चौबे करेंगे लोकार्पण
बक्सर। गंगा के पावन तट पर अवस्थित यह अति प्राचीन तीर्थ क्षेत्र भगवान श्रीराम की प्रथम कर्मभूमि एवं महर्षि विश्वामित्र की तपोभूमि के रूप में विख्यात है। यहीं प्रभु श्रीराम ने ताड़का वध कर धर्म की रक्षा की थी और इसी स्थल पर दिव्यास्त्रों की प्राप्ति कर अपनी आयुध यात्रा का शुभारंभ किया था। इस भूमि की महिमा को पुनः स्थापित करने हेतु श्रीराम कर्मभूमि न्यास निरंतर प्रयत्नशील है। इसी कड़ी में शनिवार, 4 अक्टूबर 2025 को सायं 5.00 बजे सिद्धाश्रम बक्सर के रामसेवक घाट स्थित रामायण केन्द्र महर्षि विश्वामित्र मंडपम में “श्रीराम आयुर्वेद महोत्सव” का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस पावन अवसर पर महर्षि विश्वामित्र चिकित्सालय सेवा केन्द्र (रामलीला मंच, किला मैदान, बक्सर), ई-बनारसनाथ तथा महर्षि विश्वामित्र ई-चलंत चिकित्सालय वाहनों का संयुक्त लोकार्पण किया जाएगा। ज्ञातव्य है कि निवर्तमान सांसद एवं भारत सरकार में मंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने इस क्षेत्र के विकास हेतु रामायण केन्द्र एवं महर्षि विश्वामित्र मंडप के भूमि पूजन तथा आधुनिक ध्वनि तंत्र (लाइट एंड साउंड शो) सहित पर्यटन विकास परियोजना को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं पर्यटन मंत्रालय, भारत सरकार तथा बिहार सरकार के सहयोग से अनुमोदित कराया। इस परियोजना का शिलान्यास 22 जनवरी 2024 को तथा उद्घाटन 11 मार्च 2025 को किया गया था, जिसमें मुख्यमंत्री, जिलाधिकारी बक्सर एवं अनेक गणमान्य व्यक्तियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। श्रीराम कर्मभूमि न्यास आप सभी से विनम्र आग्रह करता है कि इस ऐतिहासिक अवसर पर सांसद अतिथि के रूप में पधारकर हमें अनुगृहीत करें और सिद्धाश्रम बक्सर के गौरव को पुनः स्थापित करने की इस यात्रा के साक्षी बनें। कल इस कार्यक्रम में निवर्तमान सांसद वह केंद्रीय मंत्री अश्विनी कुमार चौबे मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित होंगे।










