बड़ी खबर
सिमरी में जन्मा दुर्लभ साइक्लोपिया रोग से ग्रसित बच्चा, विशेषज्ञों ने बढ़ाई जागरूकता की आवश्यकता
सिमरी। सिमरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में शुक्रवार को एक अत्यंत दुर्लभ जन्मजात विकृति साइक्लोपिया का मामला सामने आया। बड़का राजपुर निवासी रिंकू देवी ने सुबह 10ः19 बजे एक पुत्र को जन्म दिया, जिसकी एक ही आंख माथे के बीच में स्थित है और नाक की जगह सूंड जैसा उभार दिखाई दे रहा है। डॉक्टरों के अनुसार यह गंभीर जन्म दोष है, जिसमें मस्तिष्क और चेहरे का विकास बाधित हो जाता है। ऐसे बच्चों के जीवित रहने की संभावना बहुत कम होती है। विशेषज्ञों का कहना है कि जेनेटिक कारण, संक्रमण, दवाओं का प्रभाव और प्रसवपूर्व जांच की कमी इसके लिए जिम्मेदार हो सकते हैं। नवजात को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है। घटना ने ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता और नियमित जांच की जरूरत पर जोर दिया है।










