डुमरांव शिविर में 23 दिव्यांगजनों को मिली बैट्री चालित ट्राईसाईकिल
डुमरांव। प्रखण्ड परिसर शुक्रवार को डुमरांव प्रखण्ड परिसर में बुनियाद केंद्र के माध्यम से सहायक निदेशक, दिव्यांगजन सशक्तिकरण कोषांग और जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग, बक्सर द्वारा शिविर आयोजित कर कुल 23 दिव्यांगजनों को बैट्री चालित ट्राईसाईकिल वितरित की गई। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री दिव्यांगजन सशक्तिकरण योजना (संबल) और यू.डी.आई.डी. परियोजना से संबंधित जानकारी भी दी गई। शिविर में दिव्यांगजनों को ट्राईसाईकिल के सुरक्षित संचालन हेतु प्रशिक्षण प्रदान किया गया। सहायक निदेशक ने उन्हें यातायात नियमों का पालन करने और समुचित सुरक्षा उपाय अपनाने का निर्देश दिया। बैट्री चालित ट्राईसाईकिल के लिए न्यूनतम 40 प्रतिशत दिव्यांगता, 18 वर्ष या अधिक आयु, वार्षिक आय दो लाख रुपये तक और बिहार राज्य का स्थाई निवासी होना आवश्यक है। सहायक उपकरण हेतु भी न्यूनतम 40 प्रतिशत दिव्यांगता, 5 वर्ष या अधिक आयु, पारिवारिक आय दो लाख रुपये तक और बिहार में स्थाई निवास प्रमाण पत्र आवश्यक है। आवेदन ऑनलाइन या प्रखण्ड/बुनियाद केंद्र में किया जा सकता है।










