बिरला ओपन माइंड्स इंटरनेशनल स्कूल में मेधावी विद्यार्थियों को 100 प्रतिशत छात्रवृत्ति, सम्मान समारोह में प्रदीप राय ने किया उत्साहवर्धन
बक्सर। शिक्षा के क्षेत्र में प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने की दिशा में सराहनीय पहल करते हुए वैष्णवी एजुकेशनल डेवलपमेंट ट्रस्ट के अंतर्गत संचालित बिरला ओपन माइंड्स इंटरनेशनल स्कूल, बक्सर द्वारा 100 प्रतिशत तक छात्रवृत्ति प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। इस गरिमामय कार्यक्रम में ट्रस्ट के संस्थापक प्रदीप राय स्वयं उपस्थित रहे और मेधावी बच्चों को सम्मानित करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। अपने संबोधन में प्रदीप राय ने कहा कि प्रतिभाशाली एवं मेहनती बच्चों को आगे बढ़ाने के लिए ऐसे प्रयास अत्यंत आवश्यक हैं। छात्रवृत्ति केवल आर्थिक सहयोग नहीं, बल्कि यह विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने का माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, परिश्रम और सकारात्मक सोच के साथ निरंतर आगे बढ़ने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान छात्रवृत्ति प्राप्त विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र एवं सम्मान चिह्न प्रदान किए गए। अभिभावकों ने विद्यालय के इस प्रयास की सराहना करते हुए प्रबंधंन के प्रति आभार व्यक्त किया। विद्यालय प्रबंधन ने जानकारी दी कि अगली स्कॉलरशिप परीक्षा 22 फरवरी 2026 (रविवार) को आयोजित होगी। इच्छुक अभिभावक एवं विद्यार्थी 20 फरवरी 2026 तक पंजीकरण सुनिश्चित कर सकते हैं। कार्यक्रम में शिक्षकगण, अभिभावकगण एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।










