राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारी पूरी, नौ बेंचों में होगा हजारों मामलों का निष्पादन
बक्सर। बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, पटना के निर्देशानुसार वर्ष 2026 की पहली राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन 14 मार्च 2026 को किया जाएगा। इसके सफल संचालन के लिए प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार बक्सर काजल झाम्ब की अध्यक्षता में कुल नौ बेंच (पीठ) का गठन किया गया है। प्रत्येक पीठ में एक न्यायिक पदाधिकारी, एक पैनल अधिवक्ता तथा एक पीठ लिपिक शामिल रहेंगे, जो सुलह के आधार पर मामलों का निष्पादन करेंगे। प्रथम पीठ में प्रधान न्यायाधीश कुटुंब न्यायालय मनोज कुमार तथा पैनल अधिवक्ता रामानंद मिश्रा भारतीय स्टेट बैंक से संबंधित वाद, सर्टिफिकेट वाद, वैवाहिक मामले और मोटर वाहन दुर्घटना अधिनियम के मामलों का निपटारा करेंगे। दूसरी पीठ में जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश सुदेश कुमार श्रीवास्तव और पैनल अधिवक्ता दीपिका कुमारी केसरी जिला न्यायालय में लंबित सुलहनीय वादों तथा इंडियन बैंक, एचडीएफसी बैंक, बीएसएनएल और ग्राम कचहरी से जुड़े मामलों का निष्पादन करेंगे। इसी प्रकार अन्य पीठों में विभिन्न न्यायिक पदाधिकारी और पैनल अधिवक्ता बैंक, आपराधिक, श्रम, खनन, वन, बिजली चोरी, परिवहन, भूमि अधिग्रहण तथा वित्तीय संस्थानों से जुड़े मामलों का सुलह के आधार पर निपटारा करेंगे। जिला विधिक सेवा प्राधिकार की सचिव सह अवर न्यायाधीश नेहा दयाल ने आम लोगों से अपील की है कि अधिक से अधिक लोग लोक अदालत में आकर आपसी सहमति से मामलों का निपटारा कराएं। उन्होंने बताया कि इस लोक अदालत में लगभग तीन हजार मामलों के निष्पादन का लक्ष्य रखा गया है तथा बैंक ऋण मामलों में विशेष छूट भी दी जाएगी।










